चारधाम यात्रा को जाम मुक्त बनाने की कवायद, चमोली पुलिस ने व्यापारियों व टैक्सी यूनियन के साथ की बैठक

0
7

चमोली,उत्तराखंड। आगामी चारधाम यात्रा को सुचारू, सुरक्षित और जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से चमोली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में नंदप्रयाग और ज्योतिर्मठ क्षेत्रों में टैक्सी यूनियन एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई।
पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के नेतृत्व में चौकी नंदप्रयाग क्षेत्र में आयोजित बैठक में यात्रा मार्ग को “जीरो ट्रैफिक जाम ज़ोन” बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यात्रा अवधि के दौरान नंदप्रयाग तिराहे पर किसी भी प्रकार के वाहन खड़े नहीं किए जाएंगे। वाहन सवारियां घाट रोड से ही बैठाएंगे, जिससे यातायात व्यवस्था बाधित न हो।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि किसी आपदा अथवा मार्ग अवरोध की स्थिति में नंदप्रयाग–कोठियालसैण वैकल्पिक मार्ग का तत्काल उपयोग किया जाएगा, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।
गोष्ठी में व्यापारियों और टैक्सी यूनियन को निर्देश दिए गए कि सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन पार्क न किए जाएं, दुकानों का सामान सड़क तक न फैलाया जाए तथा अतिक्रमण से बचा जाए। टैक्सी चालकों को बाहरी श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने और निर्धारित किराया सूची का पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
इसी क्रम में ज्योतिर्मठ क्षेत्र में अपर उपनिरीक्षक यातायात सोहन सिंह बिष्ट द्वारा टैक्सी यूनियन पदाधिकारियों के साथ अलग से बैठक कर यातायात व्यवस्था पर चर्चा की गई।
पुलिस प्रशासन ने अपील की कि यात्रा व्यवस्था को सफल बनाने में स्थानीय जनता, व्यापारी और वाहन चालक सहयोग करें, अन्यथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here