कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां रिटायर्ड दरोगा के बेटे पर नशे की हालत में एक युवक को कार से टक्कर मारने और करीब 50 मीटर तक घसीटने का आरोप लगा है। इस क्रूर वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने फास्ट फूड विक्रेता ध्रुमित पांडेय को अपनी स्विफ्ट डिजायर कार से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद युवक कार के बोनट पर फंस गया, लेकिन आरोपी ने वाहन नहीं रोका और उसे घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। इस दौरान पीड़ित दर्द से चीखता रहा, लेकिन आरोपी ने कोई परवाह नहीं की। घटना के बाद पीड़ित के भाई मनीष पांडेय ने तत्काल मदद की गुहार लगाई। 108 एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने पर वह स्वयं घायल भाई को कांशीराम अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे रामा देवी स्थित लक्ष्मी अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, ध्रुमित पांडेय के पैर में कई जगह फ्रैक्चर हैं और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। पूरी तरह स्वस्थ होने में छह महीने से अधिक समय लग सकता है। परिजनों का आरोप है कि घटना की सूचना देने, आरोपी की कार का नंबर और वीडियो फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है। उनका कहना है कि घटना 4 अप्रैल की है और पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिजन सनिगवां चौकी से लेकर थाने तक चक्कर लगाते रहे, लेकिन उन्हें न्याय नहीं मिला। इस बीच, घटना का लगभग 45 सेकंड का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी तेज रफ्तार में कार मोड़ते हुए युवक को टक्कर मारता है, जिससे वह नाली में गिर जाता है। मौके पर लोगों के जुटने से पहले ही आरोपी कार लेकर फरार हो जाता है।




