भिण्ड,मध्यप्रदेश। कलेक्टर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल रूप से जुड़े।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही कलेक्टर ने जिले में प्रस्तावित मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से हो सके। अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों के आगमन, बैठक व्यवस्था, मंच संचालन, यातायात, पेयजल, अस्थायी शौचालय, पार्किंग, हेलीपेड और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी को देखते हुए पेयजल की विशेष व्यवस्था की जाए।
बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी अधिकारी और कर्मचारी अनिवार्य रूप से आईडी कार्ड धारण करेंगे, जिससे व्यवस्था में अनुशासन और पारदर्शिता बनी रहे।




