गोपेश्वर,चमोली।जिला न्यायालय गोपेश्वर के सभागार में मंगलवार को नव चयनित पराविधिक कार्यकर्ता/अधिकार मित्रों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को कानून, पुलिस प्रक्रिया और सामाजिक मुद्दों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपनिरीक्षक नवनीत भंडारी ने पुलिस की कार्यप्रणाली, क्षेत्राधिकार, गिरफ्तारी की वैधानिक प्रक्रिया और पुलिस कस्टडी से संबंधित पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जटिल कानूनी प्रावधानों को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाते हुए प्रतिभागियों की व्यवहारिक समझ विकसित की।
साइबर सेल की टीम ने साइबर अपराधों के विभिन्न प्रकार, उनसे बचाव के उपाय और बढ़ते साइबर फ्रॉड के प्रति जागरूक किया। साथ ही नशे के दुष्प्रभावों और समाज पर उसके नकारात्मक असर के बारे में जानकारी देते हुए प्रतिभागियों को जागरूक रहने और दूसरों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया और उन्हें कानून व मानवाधिकारों के प्रति संवेदनशील रहकर कार्य करने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर पुनीत कुमार, सिविल जज (सीनियर डिविजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली, ज्ञानेन्द्र खंतवाल, रिटेनर अधिवक्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
देखे फोटो।





