गंदगी और गैरहाजिरी पर सीडीओ ने जताई नाराजगी

0
19

कानपुर।मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने सोमवार को नवाबगंज, ग्वालटोली और सर्वोदय नगर स्थित डीटीसी/डीबीटी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई केंद्रों पर अव्यवस्थाएं और लापरवाही सामने आने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
नवाबगंज डीटीसी केंद्र में सपोर्ट स्टाफ तेजस्वी अनुपस्थित पाए गए। इस पर चिकित्सा अधीक्षक ने बताया कि वे आयुष्मान कार्ड डाटा अपडेट के कार्य से बाहर गए हैं। सीडीओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कर्मचारी की उपस्थिति सुनिश्चित होने के बाद ही वेतन आहरित किया जाए। साथ ही ओपीडी रजिस्टर को अद्यतन रखने को कहा। केंद्र के पास कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था पर आपत्ति जताते हुए इसे अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए। यहां 26 लोगों का एंटी रैबीज टीकाकरण किया गया।
ग्वालटोली डीबीटी केंद्र में परिसर में प्लास्टिक कचरा बिखरा मिला, जिस पर नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। उपस्थिति रजिस्टर में श्रीमती पारो पिछले तीन माह से बिना सूचना अनुपस्थित पाई गईं। इस पर सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सेवा समाप्ति का नोटिस जारी करने और अन्य कर्मचारी की तैनाती के निर्देश दिए। ओपीडी रजिस्टर में अधूरी प्रविष्टियों को सही प्रारूप में भरने तथा टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
सर्वोदय नगर डीबीटी केंद्र में व्यवस्था अपेक्षाकृत बेहतर मिली और सभी कर्मचारी उपस्थित पाए गए। यहां 32 मरीजों का उपचार किया गया तथा 34 लोगों को एंटी रैबीज टीकाकरण लगाया गया। हालांकि दवाइयों के पैकेट मेज पर अव्यवस्थित पाए जाने पर उन्हें व्यवस्थित रूप से रखने के निर्देश दिए गए।
सीडीओ ने सख्त लहजे में कहा कि सभी केंद्रों पर साफ-सफाई, कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति और रिकॉर्ड का सही रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here