सरसौल,कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र के भेवली गांव में सोमवार को घरेलू विवाद ने भयावह रूप ले लिया। मामूली कहासुनी के बाद एक पति ने अपनी पत्नी की डंडे से वार कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
ग्रामीणों के मुताबिक, सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। उनके 15 वर्षीय बेटे विनीत ने बीच-बचाव कर दोनों को शांत करा दिया था, जिसके बाद वह रोज़गार के लिए कानपुर शहर चला गया।
लेकिन शाम करीब पांच बजे खेत में काम के दौरान विवाद एक बार फिर भड़क उठा। आरोप है कि गुस्से में आकर पति हरिपाल पासवान ने पीछे से पत्नी रानी के सिर पर डंडे से जोरदार प्रहार कर दिया। वार इतना गंभीर था कि रानी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मृतका रानी अपने पीछे चार मासूम बच्चों को छोड़ गई है, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना के बाद गांव में मातम और दहशत का माहौल बना हुआ है, जबकि पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।




