भिण्ड में 5.62 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर

0
16

भिण्ड,मध्यप्रदेश।शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सोमवार को जिले के प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर लगभग 5 करोड़ 62 लाख 50 हजार रुपए की सौगात दी। इस दौरान मेहगांव में करीब 5.25 करोड़ की लागत से बनने वाले अटल सुशासन भवन (जनपद पंचायत भवन) का भूमिपूजन तथा ग्राम दबोहा में लगभग 37.50 लाख रुपए की लागत से बने अटल ग्राम सेवा सदन का लोकार्पण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री पटेल ने कहा कि केवल भवन निर्माण ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पंचायतों को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पंचायतों की आय बढ़ाने, स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नाम पर अटल सुशासन भवन एवं अटल ग्राम सेवा सदन का निर्माण कराया जा रहा है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और तेजी आएगी। इन भवनों में आधुनिक सुविधाएं जैसे मीटिंग हॉल, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष एवं रिकॉर्ड रूम उपलब्ध रहेंगे।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि प्रदेश में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। आगामी वर्षों में सभी पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जाएगा, प्रत्येक गांव को पक्की सड़कों से जोड़ा जाएगा तथा हर घर तक बिजली और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित की जाएगी।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि जिले को अनेक विकास कार्यों की सौगात मिली है, जिससे ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने जल संरक्षण पर जोर देते हुए कहा कि इसे जन आंदोलन का रूप देना आवश्यक है और प्रत्येक नागरिक को इसमें सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
सांसद संध्या राय ने कहा कि अटल सुशासन भवन ग्रामीण प्रशासन को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और त्वरित सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि सड़क, बिजली और पेयजल जैसी आधारभूत सुविधाओं के विस्तार से गांवों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है।
विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह ने कहा कि पंचायत भवनों के निर्माण से स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों में तेजी आएगी और जनप्रतिनिधियों को कार्य करने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here