पोखरी (चमोली) उत्तराखंड। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा ने थाना पोखरी का अर्द्धवार्षिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर, अभिलेखों, संसाधनों एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में गार्द द्वारा दिए गए मान-प्रणाम से हुई, जिसे पुलिस उपाधीक्षक ने स्वीकार किया। इसके बाद उन्होंने थाना कार्यालय, कार्मिक बैरक, भोजनालय सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई। उन्होंने नियमित स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
सीओ ने थाना मालखाना एवं सरकारी संपत्तियों का विस्तृत निरीक्षण करते हुए लंबित मालों के शीघ्र निस्तारण और परिसर में खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए। शस्त्र निरीक्षण के दौरान कार्मिकों से हथियारों की हैंडलिंग कराई गई तथा थानाध्यक्ष को साप्ताहिक शस्त्र अभ्यास सुनिश्चित कराने को कहा गया।
आपदा प्रबंधन को लेकर भी सीओ ने विशेष ध्यान दिया। थाने में उपलब्ध आपदा उपकरणों की कार्यशीलता जांची गई और कार्मिकों को उनका व्यवहारिक प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया दी जा सके।
निरीक्षण के दौरान थाना अभिलेखों को अद्यतन रखने, सीसीटीएनएस कार्यालय में ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तथा जीडी को शत-प्रतिशत अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। महिला हेल्पलाइन डेस्क का निरीक्षण करते हुए फरियादियों की शिकायतों के संवेदनशील और त्वरित निस्तारण पर जोर दिया गया।
इसके अलावा लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निपटारे के लिए विवेचकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। निरीक्षण के उपरांत सीओ ने थाने के कार्मिकों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और सभी को ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ कर्तव्य पालन करने के निर्देश दिए।
इस दौरान थानाध्यक्ष देवेन्द्र पंत सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
देखे फोटो।





