सांवरिया सेठ मंदिर में श्रद्धालु से लूट का प्रयास, महिला की सूझबूझ से बची चेन

0
7

मंडफिया (चित्तौड़गढ़) राजस्थान। प्रसिद्ध कृष्ण धाम श्री सांवरिया सेठ मंदिर में इन दिनों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसी भीड़ का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व भी सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला उज्जैन से दर्शन करने आए एक श्रद्धालु परिवार से जुड़ा है, जहां मंदिर परिसर के समीप लूटपाट का प्रयास किया गया। हालांकि महिला की सतर्कता और बहादुरी के चलते बड़ी वारदात टल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उज्जैन निवासी परिवार मंदिर की ओर बढ़ रहा था, तभी भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात बदमाशों ने महिला के गले पर झपट्टा मारा। बदमाशों ने कटर से सोने की चेन काटने का प्रयास किया, लेकिन महिला ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत अपनी चेन को पकड़ लिया, जिससे आरोपी अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
चेन छीनने में नाकाम रहने के बाद बदमाशों ने महिला के कान के झुमकों को निशाना बनाया और कटर से काटकर मौके से फरार हो गए। भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी आसानी से आंखों से ओझल हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी।
घटना के बावजूद महिला की सूझबूझ सराहनीय रही, जिसने बड़ी हानि होने से बचा लिया। यह घटना अन्य श्रद्धालुओं के लिए भी एक संदेश है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्क रहना बेहद जरूरी है।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर में दर्शन के दौरान कीमती आभूषण पहनने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस या सुरक्षा कर्मियों को दें। साथ ही, अपने सामान और आभूषणों की सुरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

देखे वीडियो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here