जयपुर,राजस्थान, 06 अप्रैल 2026।सहकारिता विभाग में कार्यों की दक्षता और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से शासन सचिव एवं रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां डॉ. समित शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने कार्यों की व्यवस्थित टू-डू लिस्ट तैयार कर उसे समयबद्ध रूप से पूरा करें।
सोमवार को नेहरू सहकार भवन में आयोजित बैठक के दौरान डॉ. शर्मा ने विभागीय अधिकारियों द्वारा तैयार की गई टू-डू लिस्ट की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक कार्य के साथ उसकी वर्तमान प्रगति, भविष्य की कार्ययोजना (फ्यूचर प्लान ऑफ एक्शन) तथा उसे पूरा करने में लगने वाले संभावित समय का उल्लेख अनिवार्य रूप से किया जाए।
उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित टू-डू लिस्ट से अधिकारियों को अपने लक्ष्यों के प्रति स्पष्टता मिलेगी और कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने में सुविधा होगी। साथ ही, मुख्य कार्यों के साथ उप-कार्य भी सूची में शामिल किए जाएं, जिससे कार्यों का व्यापक आकलन किया जा सके।
डॉ. शर्मा ने यह भी निर्देश दिए कि नियमित कार्यों के अतिरिक्त यदि किसी नए कार्य की शुरुआत की जानी है तो उसे भी टू-डू लिस्ट में शामिल किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले से आवंटित कार्यों और टू-डू लिस्ट के कार्यों को अलग-अलग रखा जाए, ताकि कार्यों की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि टू-डू लिस्ट की नियमित समीक्षा की जाएगी और कार्यों की प्रगति के आधार पर अधिकारियों को ग्रेड दिए जाएंगे। यही ग्रेड उनकी वार्षिक कार्य मूल्यांकन रिपोर्ट का आधार बनेगा।
बैठक के अंत में उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने अनुभागों में टू-डू लिस्ट की नियमित समीक्षा करें, जिससे कार्यों में गति और गुणवत्ता बनी रहे।




