बेमौसम बारिश से फसलें प्रभावित, डीएम ने किया स्थलीय निरीक्षण; गाटा-वार सर्वे के सख्त निर्देश

0
38

कानपुर। जनपद में हुई बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। फसलों को हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने तहसील सदर क्षेत्र के सचेंडी एवं सोना गांव का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर गाटा-वार फसल क्षति की स्थिति का गहन निरीक्षण किया और प्रभावित किसानों से सीधे संवाद कर वास्तविक हालात की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी को बताया कि अचानक हुई बारिश के चलते कई स्थानों पर खड़ी फसलें खराब हो गई हैं, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल सर्वेक्षण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी लेखपाल अपने-अपने क्षेत्रों में गाटा-वार एवं क्षेत्रवार फसल क्षति का विस्तृत, पारदर्शी और सटीक आकलन सुनिश्चित करें, ताकि वास्तविक नुकसान का सही आंकलन सामने आ सके।
इसके साथ ही उन्होंने उप जिलाधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सर्वेक्षण कार्य की नियमित निगरानी करें और पूरी प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराएं। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सर्वेक्षण के बाद तैयार रिपोर्ट शीघ्र शासन को प्रेषित की जाए, जिससे प्रभावित किसानों को समय से मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता किसानों को शीघ्र राहत पहुंचाना है और इसके लिए सभी अधिकारी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here