सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कार्य प्राथमिकता से पूर्ण कराएं – मंत्री राकेश शुक्ला

0
10

भिण्ड,मध्यप्रदेश। बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवाओं से प्रभावित क्षेत्रों में किसानों को शीघ्र राहत दिलाने के उद्देश्य से प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मेहगांव विधानसभा क्षेत्र का दौरा कर फसलों की स्थिति का जायजा लिया।
मंत्री श्री शुक्ला ने अमायन एवं रौन क्षेत्र के ग्राम लालपुरा, दानीपुरा, रामपुरा, चंद्रपुरा, जैतपुरा मढ़ी, हमीरपुरा सहित अन्य प्रभावित गांवों में पहुंचकर खेतों में खड़ी एवं कटी हुई गेहूं की फसल का निरीक्षण किया और किसानों से संवाद कर नुकसान की जानकारी ली।
उन्होंने एसडीएम मेहगांव श्री नवनीत शर्मा को निर्देशित किया कि सभी प्रभावित गांवों में सर्वे कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराया जाए तथा प्रतिवेदन शासन को भेजा जाए, ताकि पात्र किसानों को समय पर मुआवजा उपलब्ध कराया जा सके। साथ ही फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित किसानों को नियमानुसार लाभ दिलाने के लिए भी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
उल्लेखनीय है कि हाल ही में हुई बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि एवं तेज हवाओं के कारण भिण्ड जिले के मेहगांव क्षेत्र में गेहूं की तैयार एवं कटी हुई फसल को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे उत्पादन प्रभावित होने की आशंका है।
मंत्री श्री शुक्ला ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार उनके साथ है और उन्हें शीघ्र समुचित राहत प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र किसान राहत से वंचित न रहे।
प्राकृतिक आपदा में मृतक के परिजनों से की भेंट
दौरे के दौरान मंत्री श्री शुक्ला ने रौन क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा मढ़ी में प्राकृतिक आपदा के कारण लगभग 50 वर्षीय संजय सिंह की मृत्यु पर उनके परिजनों से भेंट कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया और कहा कि इस दुख की घड़ी में सरकार उनके साथ खड़ी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here