कानपुर।मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन की अध्यक्षता में शनिवार को मर्चेंट चेंबर ऑफ कॉमर्स सभागार में सदर तहसील का संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 104 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से आठ का मौके पर ही निस्तारण कर संबंधित शिकायतकर्ताओं को राहत प्रदान की गई।
शेष मामलों के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में कई मामलों का तत्काल समाधान किया गया। ग्राम भिसार निवासी नरेंद्र सिंह की खतौनी में नाम संशोधन का मामला मौके पर ही लेखपाल को निर्देशित कर ठीक कराया गया। वहीं चकेरी निवासी रामबाबू की खतौनी में पूर्व आदेश अंकित न होने की समस्या का भी तत्काल समाधान किया गया।
राजीव विहार, नौबस्ता निवासी कुंती पांडेय द्वारा विधवा पेंशन खाते में न आने की शिकायत पर जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 की चारों किस्तें उनके खाते में भेजी जा चुकी हैं, जिस पर प्रार्थिनी संतुष्ट नजर आईं।
इसी क्रम में ग्राम जरौली निवासी मालती द्विवेदी एवं मसवानपुर निवासी सृजना देवी की खतौनी में नाम संशोधन के प्रकरण भी मौके पर निस्तारित किए गए। ग्राम उदयपुर की कुमारी सोनी का आय प्रमाण पत्र शिविर में ही ऑनलाइन आवेदन कराकर तत्काल जारी किया गया।
कल्याणपुर निवासी सरवर अली द्वारा अपने पिता के शस्त्र लाइसेंस को सरेंडर कराने संबंधी प्रार्थना पत्र पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित थाना प्रभारी को निर्देशित कर शस्त्र जमा कराया गया।
प्राप्त शिकायतों में सर्वाधिक 32 मामले राजस्व विभाग से जुड़े रहे। इसके अलावा पुलिस विभाग के 16, नगर निगम के 14, केडीए के 9, केस्को के 7, डूडा के 3 तथा जलकल विभाग के 2 मामले शामिल रहे, जबकि अन्य शिकायतें विभिन्न विभागों से संबंधित थीं।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर, 26 को मौके पर मिला यूडीआईडी
संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मर्चेंट चेंबर सभागार में दिव्यांगजनों के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में चिकित्सा, पूर्ति, राजस्व एवं दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के स्टॉल लगाए गए, जहां विभिन्न योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
शिविर के दौरान 38 दिव्यांगजनों के यूडीआईडी कार्ड एवं दिव्यांगता प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किए गए। दिव्यांग बोर्ड के चिकित्सकों द्वारा परीक्षण के बाद 26 लाभार्थियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र एवं यूडीआईडी कार्ड वितरित किए गए।
शेष आवेदनों में 11 को विस्तृत परीक्षण हेतु रेफर किया गया, जबकि एक आवेदन निरस्त किया गया। इसके अलावा आठ दिव्यांगजनों को आय प्रमाण पत्र जारी किए गए, तीन का पंजीकरण दिव्यांग पेंशन योजना में किया गया तथा चार को सहायक उपकरण योजना के अंतर्गत चिन्हित किया गया।
साथ ही एक दिव्यांगजन का इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक में एनपीसीआई लिंक्ड खाता खोलकर एटीएम कार्ड भी उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व उपजिलाधिकारी सदर अनुभव सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. हरिदत्त नेमी, तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




