भिण्ड,मध्यप्रदेश। स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत “भविष्य से भेंट” कार्यक्रम के तहत कलेक्टर ने पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मौ एवं सांदीपनि शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मौ में विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें शिक्षा और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्टर ने विद्यार्थियों से उनके अध्ययन, लक्ष्य और रुचियों पर चर्चा करते हुए अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ अपने सपनों को साकार करने की प्रेरणा दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वयं का मूल्यांकन करने, स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करते रहने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि सपनों को साकार करने के लिए कठिन परिश्रम आवश्यक है और पूरी लगन व समर्पण से प्रयास किया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं है। साथ ही शिक्षा के साथ-साथ शारीरिक गतिविधियों और खेलों में भाग लेने पर भी जोर दिया, जिससे विद्यार्थियों का समग्र विकास हो सके।
इस दौरान गोहद के एसडीएम, जिला शिक्षा अधिकारी, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मौ का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने मौ स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लैब कक्ष में जांच उपकरणों की उपलब्धता, एक्स-रे कक्ष की मशीनरी, वैक्सीन स्टोर रूम की व्यवस्था तथा विभिन्न वार्डों का अवलोकन किया गया।
उन्होंने अधिकारियों से दवाओं की उपलब्धता, स्टाफ व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक जानकारी लेकर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।


