बांगरमऊ,उन्नाव। रमजान-उल-मुबारक के मुकद्दस महीने के समापन पर ईद-उल-फित्र का त्योहार पूरे अकीदत के साथ मनाया जाएगा। इसी सिलसिले में बांगरमऊ के शहर काजी सैयद ज़ियाउल आरफीन ने आवाम से पुरजोर अपील की है कि वे ईद का चांद देखने का विशेष एहतिमाम करें।
शहर काजी ने अपने बयान में कहा कि सुन्नत के मुताबिक रमजान के 29वें रोजे को चांद देखना हर मुसलमान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा, “यदि चांद नजर आता है, तो तुरंत इसकी तस्दीक (पुष्टि) शरई गवाहों के साथ की जाए ताकि ईद की नमाज और त्योहार के समय का सही एलान किया जा सके।” सैयद ज़ियाउल आरफीन ने यह भी हिदायत दी कि ईद की खुशियों में गरीबों और यतीमों को शामिल करना न भूलें। उन्होंने अपील की कि चांद देखने के बाद अल्लाह का शुक्र अदा करें। उन्होंने कहा कि नमाज-ए-ईद से पहले ‘सदका-ए-फित्र’ (दान) जरूर अदा करें ताकि जरूरतमंद भी ईद मना सकें। शहर काजी ने बताया कि यदि किसी को भी चांद नजर आए, तो वह तुरंत शहर काजी से संपर्क करे।




