उन्नाव।बांगरमऊ नगर के मुख्य बाज़ार व मुख्य मार्गों पर अनियंत्रित अतिक्रमण और उसके कारण प्रतिदिन लगने वाले भीषण जाम से स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस गंभीर समस्या को देखते हुए समाजसेवी फजलुर्रहमान ने जिला प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित किया है और शीघ्र ठोस कार्यवाही की मांग की है।
नगर के मुख्य बाजार व मुख्य मार्गों पर दुकानदारों द्वारा सड़कों तक किए गए अतिक्रमण और बेतरतीब खड़े वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। आलम यह है कि पैदल चलना भी दूभर हो गया है। स्कूली बच्चे, एंबुलेंस और कामकाजी लोग घंटों इस जाम में फंसे रहते हैं।
समाजसेवी फजलुर्रहमान ने कहा कि अतिक्रमणकारी मुख्य मार्ग के बड़े हिस्से को घेर चुके हैं, जिससे सड़क संकरी हो गई है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों से तत्काल अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और सड़कों के किनारे अवैध पार्किंग पर रोक लगाई जाए तथा यातायात पुलिस की समुचित तैनाती सुनिश्चित की जाए।फजलुर्रहमान ने कहा बांगरमऊ नगर की जनता प्रतिदिन जाम के झाम से जूझ रही है। अतिक्रमण के चलते व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित हो रहा है और आम जनता का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। यदि प्रशासन ने जल्द ही अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चलाया, तो समस्या और विकराल हो जाएगी।स्थानीय निवासियों ने भी समाजसेवी की इस मांग का समर्थन किया है और उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन जनहित में इस पर त्वरित संज्ञान लेगा।




