उन्नाव।आसीवन थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे हड़कंप मच गया। उन्नाव-सण्डीला मार्ग पर स्थित हैदराबाद के समीप एक महाविद्यालय के पास तालाब में लगभग 35 वर्षीय युवक का शव मिला।
सूचना मिलते ही आसीवन पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकाला। शव करीब चार से पांच दिन पुराना प्रतीत हो रहा था, जिससे वह पूरी तरह फूल गया था और उसकी पहचान करना मुश्किल हो रहा था।
मृतक ने कत्थई रंग की अंडरवियर पहनी हुई थी। उसके दाहिने हाथ के बाजू में एक टैटू बना था और गले में प्लास्टिक व लकड़ी की मोतियों की माला थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक नहाने आया होगा और गहरे पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई।
आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह और चौकी इंचार्ज हैदराबाद प्रेम नारायण पाण्डेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव की शिनाख्त के कई प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद शव को मोर्चरी हाउस उन्नाव भेज दिया गया।
थानाध्यक्ष आसीवन प्रदीप सिंह ने बताया कि शव की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




