शीतलाष्टमी पर्व पर शीतला माता मंदिर में श्रद्धालुओं की उमड़ी भारी भीड़

0
25

बांगरमऊ,उन्नाव ।शीतला अष्टमी के पावन पर्व पर आज बुधवार को नगर के पश्चिम पवित्र कल्याणी नदी के तट पर स्थित मां शीतला देवी मंदिर में श्रद्धा और आस्था का शैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों द्वारा मंदिर में मां शीतला देवी का भव्य श्रृंगार किया गया। महिला और पुरुष भक्तों ने पूरे विधि-विधान के साथ माता का पूजन-अर्चन कर परिवार की सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य की कामना की।
शीतला अष्टमी के पर्व को लेकर नगर में विशेष उत्साह दिखाई दिया। मंदिर परिसर में तथा परिसर के बाहर स्थित मार्ग के किनारे जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष रामजी गुप्ता, समाजसेवी आकाश निषाद, चौधरी आशीष सिंह ‘गोलू’, भाजपा नेता बाला राव गुप्ता और विवेक पटेल सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शिविर लगाकर श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद वितरित किया।
मंदिर पहुंचे भक्तों ने मां शीतला देवी के जयकारों के साथ पूजन-अर्चन कर प्रसाद ग्रहण किया। नगर एवं क्षेत्र के विधायक श्रीकांत कटियार, पूर्व मंत्री चौधरी अशोक कुमार सिंह ‘बेबी’ आदित्य तिवारी , अंकित शुक्ला , गौरी शंकर ,दीपक निषाद , शेखर कुशवाहा , मनोज यादव , अंश अवस्थी , रिंकू निषाद व सुभाष राजपूत सहित कई गणमान्य लोग भी मां के दर्शन करने मंदिर पहुंचे और क्षेत्रीय जनता के लिए सुख-समृद्धि का वरदान मांगा।
मंदिर के प्रमुख पुजारी बलराम यादव ने सभी अतिथियों और श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि शीतला अष्टमी के दिन मां शीतला की पूजा करने से रोग-दोष दूर होते हैं और परिवार में सुख-शांति बनी रहती है। आयोजन में मंदिर कमेटी के अध्यक्ष विनीत कटियार , सदस्य रामजी गुप्ता , विजय गुप्ता व ओम नारायण श्रीवास्तव आदि का सराहनीय योगदान रहा।
मंदिर के बाहर परंपरागत मेले का आयोजन किया गया।
मेले में दूर-दराज से आए दुकानदारों ने अपनी-अपनी दुकानें सजाईं। मेरे में जहां बच्चों ने खिलौने और रंग-बिरंगे गुब्बारे खरीदे और पानी-पूरी व चाट का लुफ्त उठाया, वहीं महिलाओं ने चूड़ी, बिंदी व श्रृंगार आदि प्रसाधन सामग्री की जमकर खरीदारी की। श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद रहा। आज़ शीतला देवी मंदिर परिसर में केवल आस्था का ही नहीं, बल्कि सामाजिक मेल-मिलाप का भी प्रतीक बन गया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here