सत्ता के साए में धड़ल्ले से हो रहा मिट्टी खनन जिम्मेदार बोले- जानकारी नहीं, फिर भी जारी खेल

0
21

असोथर,फतेहपुर, । थाना क्षेत्र के रामनगर कौहन इलाके में सत्ता की आड़ में एक सफेदपोश नेता के संरक्षण में दिनदहाड़े अवैध मिट्टी खनन का खेल धड़ल्ले से जारी है। जेसीबी मशीनों से खेतों की उपजाऊ मिट्टी खोदी जा रही है और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में ओवरलोड मिट्टी भरकर तेज रफ्तार से सड़कों पर फर्राटा भरते हुए ढुलाई की जा रही है। इससे जहां एक ओर ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, वहीं सड़कों पर हादसे का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

मार्ग पर फर्राटा भरते मिट्टी लदे ट्रैक्टर।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सत्ता के रसूख के दम पर खनन माफिया बेखौफ होकर खुलेआम मिट्टी का दोहन कर रहे हैं। खेतों को गहरे गड्ढों में तब्दील किया जा रहा है और गांव की सड़कों पर उड़ती धूल व ओवरलोड ट्रैक्टर प्रशासनिक उदासीनता की कहानी बयां कर रहे हैं। जब इस संबंध में थाना प्रभारी धीरेंद्र ठाकुर से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, फिर भी वह दिखवा रहे हैं। वहीं खनन अधिकारी देशराज सिंह से संपर्क किया गया तो उन्होंने भी यही कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, फिर भी मामले को दिखवाया जा रहा है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब क्षेत्र में दिन के उजाले में जेसीबी मशीनें गरज रही हैं और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियां सड़कों पर दौड़ रही हैं, तो जिम्मेदार अधिकारियों को इसकी जानकारी कैसे नहीं है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here