फुफुवार राजथोक में जल महोत्सव 2026 आयोजितः जलापूर्ति परियोजना का किया गया उद्घाटन

0
15

सरसौल,कानपुर।भारत सरकार की महत्वाकांक्षी जल जीवन मिशन परियोजना के तहत सोमवार को विकास खंड सरसौल की ग्राम पंचायत फुफुवार राजथोक में जल महोत्सव 2026 का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नव निर्मित पानी की टंकी परिसर में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में विधानसभा अध्यक्ष प्रतिनिधि सुरेंद्र अवस्थी उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजन व हवन कर जलापूर्ति परियोजना का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजन और हवन के साथ हुई। इसके बाद सुरेंद्र अवस्थी ने पारंपरिक तरीके से घड़े में जल अर्पित कर नव निर्मित पानी की टंकी का शुभारंभ किया। उन्होंने इस परियोजना की जिम्मेदारी ग्रामवासियों को सौंपते हुए जल संरक्षण का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

अवस्थी ने बताया कि जल जीवन मिशन का मुख्य उद्देश्य हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है। इससे ग्रामीणों को शुद्ध पानी उपलब्ध हो सकेगा

इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को जल संकल्प के तहत जल संरक्षण और पानी के सदुपयोग की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे पानी की बर्बादी न करें और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखें।

अधिकारियों ने जानकारी दी कि जल महोत्सव 2026 का आयोजन 8 मार्च से 22 मार्च तक जनपद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में किया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से लोगों को स्वच्छ पेयजल, जल संरक्षण और जल जीवन मिशन की योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह ने जलापूर्ति योजना की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना के माध्यम से गांव के घर-घर तक पाइप लाइन के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इससे ग्रामीणों को दूर-दूर से पानी लाने की समस्या से राहत मिलेगी।

कार्यक्रम में विनय मिश्रा, रानू शुक्ला, वीरेंद्र शुक्ला जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह, वीएसए के रामसरन, डीपीएमयू से देवेश कुमार, आशीष सोनी और आदित्य प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here