फतेहपुर। विवाद की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। हमले में एसएसआई समेत चार पुलिस कर्मी घायल हो गए। पुलिस ने तेरह नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। बिन्दकी कोतवाली क्षेत्र के फरीदपुर-मंडराव मार्ग पर बुधवार की देर शाम छोटेलालपुर गांव के कुछ लोग सड़क से गुजर रहे राहगीरों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपशब्द बोल रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सरकंडी चैकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रमोद सिंह मौके पर पहुंचे और लोगों को ऐसा करने से मना किया। इस दौरान कुछ ग्रामीण चैकी इंचार्ज से उलझ गए और कहासुनी के बाद विवाद बढ़ गया। स्थिति बिगड़ती देख चैकी इंचार्ज ने
जिला अस्पताल में मेडिकल कराते पुलिस कर्मी।
कोतवाल हेमंत मिश्रा को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस के पहुंचते ही कुछ ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पथराव की घटना में कोतवाली के वरिष्ठ उपनिरीक्षक वृंदावन राय, सरकंडी चैकी इंचार्ज प्रमोद सिंह, सिपाही रामप्रकाश, सिपाही रमाकांत घायल हो गए। घायल पुलिस कर्मियों को उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया। जहां सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया। आरोपियों में गांव का ही रहने वाला मुख्य आरक्षी अखिलेश कुमार भी शामिल है। जो वर्तमान में जनपद कौशांबी में मुख्य आरक्षी के पद पर तैनात हैं। सरकंडी चैकी इंचार्ज प्रमोद सिंह की तहरीर पर पुलिस ने तेज़बहादुर, पंकज, मुकेश बीरू, अवनीश, तीन महिलाओं सहित 13 नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।




