सरसौल,कानपुर। महाराजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत महाराजपुर थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने होली का पर्व उत्साहपूर्वक मनाया। क्षेत्र में होली का त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के बाद पुलिसकर्मियों ने थाने में एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की खुशियां साझा कीं।
इस दौरान थाना परिसर रंगों से सराबोर नजर आया। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की बधाई दी और डीजे की धुन पर जमकर थिरके। पूरे परिसर में हर्षोल्लास और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।
थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि बुधवार को पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते होली का त्योहार शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराया गया। सुरक्षा व्यवस्था में तैनात सभी पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ निभाई।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अक्सर त्योहारों के दौरान अपने घर-परिवार से दूर रहकर जनता की सुरक्षा और सेवा में लगे रहते हैं। कई बार पर्व के दिन भी उन्हें ड्यूटी पर ही रहना पड़ता है, इसलिए वे अपने साथियों के साथ थाने में ही त्योहार मनाकर खुशियां साझा करते हैं।
इस अवसर पर थाना स्टाफ के अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
देखे फोटो।





