उन्नाव।आगामी होली के पावन पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से आज स्थानीय पुलिस चौकी गंजमुरादाबाद में ‘पीस कमेटी’ (शांति समिति) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में नगर व क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ला ने स्पष्ट किया कि होली का त्योहार आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में शांति बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। पुलिस ने चेतावनी दी कि नशे की हालत में वाहन चलाने या महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि होलिका दहन के स्थान या जुलूस के मार्ग में किसी भी प्रकार की नई परंपरा शुरू करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। जो स्थान पहले से निर्धारित हैं, वहीं कार्यक्रम संपन्न होंगे। भ्रामक खबरें या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट डालने वालों पर साइबर सेल के माध्यम से कड़ी नजर रखी जाएगी। किसी भी अफवाह पर ध्यान न देने और तुरंत पुलिस को सूचित करने की सलाह दी गई है। बैठक में मौजूद नगर पंचायत प्रतिनिधियों को निर्देश दिए गए कि त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर सफाई, चूने का छिड़काव और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। पीस कमेटी की बैठक में क्षेत्रीय नागरिकों ने भी अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण करने का आश्वासन दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अखिलेश चंद्र पांडेय ने कहा, “पुलिस आपकी सुरक्षा के लिए मुस्तैद है। हम चाहते हैं कि हर नागरिक निर्भय होकर रंगों के इस त्योहार का आनंद ले।” बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को अग्रिम होली की शुभकामनाएं दीं और त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर चौकी इंचार्ज अनिल कुमार साहू, नगर पंचायत के अध्यक्ष पति हाजी सलीम कुरैशी, पूर्व अध्यक्ष राम नरेश कुशवाहा, सभासद शोएब कुरैशी, गुफरान अहमद, जब्बार, लाखन यादव, अनिल वर्मा, विवेक कुशवाहा, मनोज विश्वकर्मा, कल्लू, मिथिलेश पटेल, राजेश यादव, मुकेश कुशवाहा, सहित नगर व क्षेत्र के तमाम संभ्रांत व्यक्ति मौजूद रहे।




