अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई तथा त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए

0
27

उन्नाव।रमजान माह एवं आगामी होली के पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रवीण कुमार अपर पुलिस महानिदेशक महोदय, लखनऊ जोन, लखनऊ द्वारा रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव स्थित सभागार में श्री जय प्रकाश सिंह वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव, श्री अखिलेश सिंह अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी, श्री प्रेमचंद अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा वर्चुअल माध्यम से जुड़े जनपद के समस्त थाना प्रभारीगण के साथ विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक के दौरान श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय द्वारा जनपद की कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई तथा त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित होलिका दहन स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा किसी भी संभावित विवादित स्थल पर विशेष सतर्कता बरतें। मिश्रित आबादी वाले एवं संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक पुलिस गश्त कराए जाने, स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं एवं शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समन्वय स्थापित करने तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया।त्योहारों के दौरान बाजारों एवं प्रमुख मार्गों पर सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए गए, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही, प्राप्त होने वाली जन शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनकी सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा अतिसंवेदनशील स्थलों पर ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी करने के निर्देश प्रदान किए गए।सोशल मीडिया की प्रभावी मॉनिटरिंग कर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने पर भी विशेष बल दिया गया। अंत में श्रीमान अपर पुलिस महानिदेशक महोदय ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सजगता एवं संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु निर्देशित करते हुए कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here