उन्नाव।सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत गौरी के पास हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना के बीच सफीपुर पुलिस का एक बेहद ईमानदार और मानवीय चेहरा सामने आया है, जिसकी पूरे जनपद में सराहना हो रही है। गौरी के पास सड़क दुर्घटना में बसंत (पुत्र मंगल) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सूचना मिलते ही दीवान अंजनी पाण्डेय और सुनील कुमार तत्काल मौके पर पहुँचे और घायल को एम्बुलेंस की मदद से सफीपुर CHC पहुँचाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने घायल को जिला अस्पताल रेफर किया, जहाँ इलाज के दौरान बसंत ने दम तोड़ दिया। हादसे के समय मौके से पुलिस को बसंत के ₹20,000 नकद और उसका मोबाइल फोन बरामद हुआ था। सफीपुर पुलिस ने पूरी पारदर्शिता बरतते हुए यह अमानत मृतक के पिता को सुरक्षित सुपुर्द कर दी। जहाँ एक ओर परिवार इस अपूरणीय क्षति से दुखी है, वहीं संकट की इस घड़ी में पुलिस द्वारा दिखाई गई तत्परता और ईमानदारी की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा की है। सफीपुर पुलिस ने साबित किया है कि खाकी केवल सुरक्षा ही नहीं, बल्कि मानवता का भी प्रतीक है।




