आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मिनी ट्रैवलर बस दुर्घटनाग्रस्त, 7 छात्र घायल

0
8

उन्नाव।औरास थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोमवार तड़के करीब 4:30 बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक टूरिस्ट मिनी ट्रैवल्स बस हादसे का शिकार हो गई। बस में सवार 7 छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस बेलगांव के अरभावी स्थित हॉर्टिकल्चर कॉलेज के बीएससी फोर्थ ईयर के 18 छात्रों को टूर पर लेकर अयोध्या जा रही थी। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे से गुजरते समय चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे बस आगे चल रहे एक भारी वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि चालक समेत 7 लोग बुरी तरह घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी औरास संजीव कुमार कुशवाहा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औरास पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
राहत की बात यह रही कि किसी भी यात्री को जानलेवा चोट नहीं आई है और सभी घायल खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं। दुर्घटना के बाद यूपीडा की टीम ने क्षतिग्रस्त ट्रैवलर को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल मार्ग पर यातायात पूरी तरह सुचारू है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की गहन पड़ताल की जा रही है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here