पूर्व सपा विधायक मुनींद्र शुक्ला की कार पर पथराव, दो आरोपी गिरफ्तार

0
6

​कानपुर। बिठूर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात समाजवादी पार्टी के पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला के काफिले पर बाइक सवार युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने सिंहपुर चौराहे के पास उनकी पजेरो कार पर भारी पथराव किया, जिससे गाड़ी का पिछला शीशा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। घटना के समय पूर्व विधायक अपने साथियों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पूर्व विधायक मुनींद्र शुक्ला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रात करीब 8:50 बजे उनकी कार सिंहपुर चौराहे के पास जाम में फंसी थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन युवक वहां आए और मुनींद्र शुक्ला का नाम लेते हुए अभद्र गालियां देने लगे। कार चला रहे शिवम मिश्रा ने जब युवकों की हरकत का विरोध किया, तो वे उस समय आगे निकल गए। जैसे ही जाम थोड़ा खुला और गाड़ी आगे बढ़ी, घात लगाए बैठे युवकों ने पीछे से पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में पूर्व विधायक की पजेरो कार का पिछला शीशा टूट गया। बताया जा रहा है कि उनके पीछे चल रही एक अन्य गाड़ी को भी नुकसान पहुंचा है। मामला हाई-प्रोफाइल होने के कारण पुलिस तुरंत हरकत में आई। बिठूर इंस्पेक्टर अशोक कुमार सरोज और कल्याणपुर एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसके जरिए तीन आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने इस मामले में कछार निवासी अंबर दीक्षित (25 वर्ष) और गंगपुर निवासी ऋषभ यादव (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे है। मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here