अनियंत्रित वैन तालाब में पलटी; एक ही परिवार के चार सदस्यों की डूबने से मौत

0
8

कानपुर। शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बैरी सवाई स्थित सांचुला माता मंदिर के पास एक अनियंत्रित वैन सड़क किनारे गहरे तालाब में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में कानपुर निवासी एक ही परिवार के चार लोगों दंपति, उनकी बेटी और दो साल के नाती की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों की तत्परता से वैन में सवार अन्य छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
कानपुर के आवास विकास कल्याणपुर-3 निवासी राजकिशोर अग्निहोत्री अपने परिवार के साथ एक रिश्तेदार के यहाँ त्रियोदशी संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 8:00 बजे शिवली-कल्याणपुर मार्ग पर सामने से आ रहे एक वाहन को बचाने के प्रयास में उनकी वैन अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे बने गहरे तालाब में जा गिरी। 60 वर्षीय राजकिशोर अग्निहोत्री, उनकी 55 वर्षीय पत्नी स्नेहलता अग्निहोत्री, उनकी बेटी 30 वर्षीय हिमांशी व हिमांशी का दो वर्षीय बेटा शिव की जान चली गई। वहीं परिवारीजन 30 वर्षीय कृतिका, 45 वर्षीय सुधा, हिमांशी की तीन वर्षीय पुत्री वानी, सुधा का चार वर्षीय पुत्र कान्हा व राजकिशोर का 24 वर्षीय पुत्र सुधांशु व चालक राजकुमार बच गए। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने अदम्य साहस का परिचय दिया। वैन के चालक की तरफ के शीशे खुले होने के कारण कुछ लोग बाहर की ओर झांक रहे थे, जिन्हें ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। बचे लोगों का सीएचसी शिवली में इलाज शुरू किया गया जहां से स्वजन कहीं निजी अस्पताल लेकर गए। एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने बताया कि चार की जान गई है बाकियों को सकुशल बचा लिया गया है। चालक नदारद हो गया है उसका पता किया जा रहा।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here