कानपुर। अरमापुर थाना स्थित ऑर्डिनेंस फैक्ट्री (आयुध निर्माणी) में शनिवार को आउटसोर्सिंग कर्मचारियों ने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि गेट पर तैनात सुपरवाइजर और ड्यूटी लाइन इंचार्ज ने उनके साथ गाली-गलौज और जातिगत टिप्पणी की है। मामले में कार्रवाई न होने से नाराज कर्मचारियों ने काम का बहिष्कार कर दिया।
घटनाक्रम की शुरुआत शुक्रवार रात ‘बी’ शिफ्ट की समाप्ति के दौरान हुई। कर्मचारी रवि यादव, अरुण शर्मा और सर्वेश दीक्षित के अनुसार, जब वे ड्यूटी खत्म कर बाहर निकल रहे थे, तब गेट पर तैनात सुपरवाइजर ने उनके साथ अभद्रता की और जातिगत टिप्पणी की। जब पीड़ित पक्ष ने इसकी शिकायत ड्यूटी लाइन इंचार्ज से की, तो आरोप है कि उन्होंने भी अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया और जूतों से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता इन्द्रजीत यादव ने लिखित तहरीर में बताया कि वह कैजुअल ऑपरेटर के पद पर कार्यरत हैं और यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हुई है। देर रात अरमापुर थाने में तहरीर देने के बावजूद पुलिस द्वारा कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से कर्मचारी आक्रोशित हो उठे। शनिवार सुबह कर्मचारियों ने फैक्ट्री गेट पर इकट्ठा होकर नारेबाजी की और कार्य बहिष्कार का ऐलान कर दिया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सपा नेता सम्राट विकास यादव भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। हंगामे की सूचना पर पहुंचे अरमापुर थाना प्रभारी मनोज कुमार पांडेय ने स्थिति को संभाला। उन्होंने बताया कि सुपरवाइजर पर गाली-गलौज के आरोपों को लेकर कर्मचारी प्रदर्शन कर रहे थे। पुलिस ने कर्मचारियों को समझा-बुझाकर शांत कराया और प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
देखे फोटो।





