तीन दशक से अधिक समय बाद फरवरी में रमजान का आगाज़,क्षेत्र की मस्जिदों में गूंजेगी तरावीह, सुबह 5:27 बजे सहरी खत्म, आज शाम 6:29 बजे इफ्तार

0
12

उन्नाव ।पवित्र माह रमजान शरीफ का आगाज़ कल 18 फरवरी से हो गया है। चांद दिखाई देने के साथ ही फतेहपुर चौरासी नगर और आसपास के क्षेत्रों में अकीदत और इबादत का माहौल बन गया है। मुस्लिम समुदाय नें आज से रोजा रखा और पूरे माह नमाज, तरावीह और कुरआन पाक की तिलावत में मशगूल रहेगा।आज सुबह 5:27 बजे सहरी का समय समाप्त हुआ । इसके बाद फज्र की नमाज के साथ रोजा शुरू हो गया । रोजेदारों नें दिनभर सब्र और परहेजगारी के साथ भूखे-प्यासे रहकर इबादत की । वहीं आज 19 फरवरी की शाम 6:29 बजे इफ्तार का समय निर्धारित है, जब मगरिब की अजान के साथ रोजा खोला जाएगा।

फतेहपुर चौरासी की मस्जिदों में विशेष तैयारी।

नगर की मुख्य मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में तरावीह की नमाज के लिए विशेष इंतजाम किए गए। मस्जिदों की साफ-सफाई, रोशनी और वजू की व्यवस्था को दुरुस्त किया गया। इशा की नमाज के बाद हाफिज-ए-कुरआन द्वारा तरावीह में कुरआन शरीफ सुनाया गया । बड़ी संख्या में नमाजियों नें पहुंच कर नमाज अदा की।

तीन दशक से अधिक समय बाद फरवरी में रमजान।

उल्लेखनीय है कि वर्ष 1994 में 12 फरवरी तथा 1995 में 1 फरवरी को रमजान की शुरुआत हुई थी। उस समय इस्लामी कैलेंडर के अनुसार 1414 हिजरी का साल चल रहा था। अब लगभग 30 साल से अधिक समय बाद फिर से रमजान फरवरी माह में आया है।ऐसे में रोजेदारों को हल्की सर्दी के बीच इबादत का अवसर मिल रहा है, जिससे दिन में रोजा रखना अपेक्षाकृत सहज माना जा रहा है।

बाजारों में बढ़ी रौनक।

रमजान के आगमन के साथ ही बाजारों में चहल-पहल बढ़ गई है। खजूर, फल, शरबत, सेवईं और इफ्तार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की खरीदारी जोरों पर है। शाम के समय बाजारों में विशेष रौनक देखने को मिल रही है।रमजान का महीना रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना माना जाता है। यह महीना भाईचारे, इंसानियत और आपसी सौहार्द का संदेश देता है। फतेहपुर चौरासी सहित पूरे क्षेत्र में लोग एक-दूसरे को रमजान की मुबारकबाद दे रहे हैं और अमन-चैन व खुशहाली की दुआ कर रहे हैं।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here