उन्नाव।जनपद के कोतवाली सदर क्षेत्र निवासी एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न के मुकदमे के दौरान दूसरी शादी करने का आरोप लगाते हुए विधिक कार्रवाई की मांग की है। मोहल्ला दरोगाबाग, थाना कोतवाली सदर निवासी आशिया खातून ने आरोप लगाया है कि उनका निकाह 04 अगस्त 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज के अनुसार आरिज के साथ हुआ था। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से दान-दहेज दिया गया, लेकिन ससुराल पक्ष इससे संतुष्ट नहीं था। प्रार्थिनी का आरोप है कि पति आरिज का पहले से ही पड़ोस में रहने वाली युवती रेशम पुत्री इलियास के साथ प्रेम संबंध था, जिसे छिपाकर उससे निकाह किया गया। महिला के अनुसार विवाह के बाद पति आरिज, ससुर जुल्फिकार खान, सास सलमा बेगम, ननद समरीन व सना तथा बहनोई शानू खान ने मिलकर अतिरिक्त दहेज की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर उसके साथ गाली-गलौज की गई और करीब एक वर्ष पूर्व घर से निकाल दिया गया। साथ ही कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। बता दे कि पीड़िता द्वारा थाने में शिकायत दर्ज कराने पर थाना बांगरमऊ में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा पंजीकृत हुआ, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि इसी दौरान 09 फरवरी 2026 को उसके पति आरिज ने अपने घर पर ही कथित रूप से गैरकानूनी तरीके से रेशम के साथ निकाह कर लिया। इस निकाह को मौलाना अब्दुल हफीज द्वारा पढ़ाए जाने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता ने बताया कि उसकी चार वर्षीय पुत्री भी है और वह न्याय के लिए दर-दर भटक रही है। महिला ने प्रशासन से मांग की है कि विचाराधीन मुकदमे के दौरान दूसरी शादी करने के मामले में आरोपियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे और उसकी पुत्री को न्याय मिल सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।




