अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी बाइक सवार की मौत

0
10

उन्नाव।बांगरमऊ तहसील के अंतर्गत फतेहपुर चौरासी थाना क्षेत्र के ग्राम डकौली निवासी श्याम कुमार परिवार समेत पंजाब के चंडीगढ़ में रहकर मजदूरी करते हैं। उनके साथ पत्नी श्याम कुमारी, पुत्र अंकित व रोमित तथा पुत्रियां पूजा और ज्योति रहती हैं। बताया जा रहा है कि अंकित, पूजा और रोमित यूपी बोर्ड की परीक्षा में शामिल होने के लिए अपने पैतृक गांव डकौली आए हुए थे। पड़ोसी थाना मल्लावां अंतर्गत परीक्षा केंद्र नजदीक होने के कारण तीनों भाई-बहन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ततियापुर में ठहरे हुए थे।
बीते बुधवार को अंकित अपने छोटे भाई रोमित को बाइक से छोड़ने डकौली गया था। देर रात करीब 9 बजे वह वापस ततियापुर लौट रहा था। रास्ते में लखनऊ मार्ग पर ग्राम मुस्तफाबाद के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और अंकित (22) गंभीर रूप से घायल हो गया ।
ग्रामीणो की मदद से उसे बांगरमऊ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे जिला अस्पताल ले जा रहे थे । लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
अंकित की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है ।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here