उन्नाव।उत्तर प्रदेश की राजनीति में बड़े कद के नेता और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी के समाजवादी पार्टी (सपा) में शामिल होने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस घटनाक्रम पर उन्नाव जनपद के वरिष्ठ सपा नेता सलीमुर्रहमान ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा है कि इस निर्णय से न केवल पार्टी का जनाधार बढ़ेगा, बल्कि आगामी चुनावों में विपक्षी दलों के समीकरण भी ध्वस्त हो जाएंगे।
वरिष्ठ सपा नेता सलीमुर्रहमान ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि नसीमुद्दीन सिद्दीकी का राजनीतिक अनुभव और बहुजन समाज के बीच उनकी पकड़ जगजाहिर है। उनके सपा में आने से ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की रणनीति को नई धार मिलेगी। उन्होंने कहा, “नसीमुद्दीन साहब एक जमीन से जुड़े नेता हैं। उनके आने से अल्पसंख्यक समुदाय के साथ-साथ दलित वर्ग में भी समाजवादी पार्टी के प्रति विश्वास और अधिक गहरा हुआ है।” वरिष्ठ नेता सलीमुर्रहमान का मानना है कि सिद्दीकी के प्रभाव का लाभ उन्नाव समेत पूरे यूपी और बुंदेलखंड क्षेत्र में देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाथों को मजबूत करने के लिए सिद्दीकी का साथ मिलना एक मील का पत्थर साबित होगा।सलीमुर्रहमान ने बताया कि इस खबर के बाद उन्नाव के स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि अब पार्टी और भी अधिक एकजुट होकर जनता के मुद्दों को उठाएगी और सांप्रदायिक ताकतों को पटखनी देगी। सिद्दीकी के प्रशासनिक और सांगठनिक अनुभव से सपा को मजबूती मिलेगी। सलीमुर्रहमान ने अंत में विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की राजनीति में समाजवादी पार्टी एक बड़े बदलाव की ओर अग्रसर है और नसीमुद्दीन सिद्दीकी का पार्टी में स्वागत राज्य की राजनीति की दिशा तय करेगा।




