कानपुर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय शनिवार देर रात अखाड़े में तब्दील हो गया। परिसर में एग्री बिजनेस मैनेजमेंट (एबीएम) और पीएचडी स्कॉलर्स के बीच हुए हिंसक संघर्ष में कई छात्र गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें छात्र लाठी-डंडों के साथ नजर आ रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मुकेश श्रीवास्तव ने बताया कि सोमवार को जांच कमेटी पूरे मामले की विस्तृत पड़ताल करेगी। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर दोषियों को चिह्नित किया जाएगा।
नवाबगंज थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि रात में ही पुलिस बल भेजकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था। घायलों को इलाज के लिए एलएलआर अस्पताल भेजा गया है। हालांकि, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलते ही कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




