संवाददाता,घाटमपुर।सजेती थाना क्षेत्र गांव रामपुर बगरिया मोड़ के आगे जवाहरनाला के पास तेज रफ्तार डंपर बाइक सवार को टक्कर मारते हुए कुचल दिया। हादसे में बाइक सवार मां की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बेटे को मामूली चोंट आई है। बेटे ने रोते बिलखते बताया कि अगर डंपर चालक डंपर रोक देता तो मां की बच जाती जान,हादसे के बाद डंपर चालक बाइक को 20 मीटर तक घसीटता चला गया। मौके पर पहुंची सजेती पुलिस ने महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कानपुर नौबस्ता थाना क्षेत्र के नई बस्ती लालपुर निवासी 21 वर्षीय अनिल प्रजापति ने बताया कि वह अपनी मां 45 वर्षीय राम श्री के साथ बाइक से हमीरपुर जिले के छानी बिवार गांव के रहने वाले मां के चचेरे भाई के लड़के यहां पर शादी के बाद होने वाली पूजा में शामिल होने जा रहे थे, तभी कानपुर सागर हाइवे पर स्थित सजेती थाना क्षेत्र के रामपुर बगरिया गांव के आगे जवाहर नाला पर पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे महिला सड़क पर गिर गई। इस दौरान महिला की साड़ी डंपर में फंस गई, जिससे महिला लगभग 20 मीटर तक घसीटती चली गई। डंपर के टायर के नीचे आने से महिला की कुचलकर मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बेटे को घायल अवस्था में घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टर ने प्राथमिक उपचार कर बेटे को घर भेज दिया है। हादसे के बाद डंपर छोड़कर चालक भाग निकला। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है। सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि सूचना मिली थी, महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।




