घाटमपुर शिव बारात की तैयारियां शुरू,एडिशनल कमिश्नर और एसपी एलआईयू, डीसीपी, ने आयोजकों संग की बैठक, शिव बारात रूट का किया निरीक्षण

0
19

संवाददाता,घाटमपुर। आगामी 15 फरवरी को घाटमपुर में निकलने वाली भव्य शिव बारात को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। महापर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार दोपहर कानपुर एडिशनल कमिश्नर विपिन ताडा, डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी, एसपी एलआईयू महेश कुमार व घाटमपुर एसीपी कृष्णकांत यादव थाना परिसर पहुंचे, जहां पर उन्होंने शिव बारात के आयोजकों के साथ बैठक कर विस्तृत चर्चा की है।आयोजकों द्वारा प्रशासन को बारात के रूट, समय और कार्यक्रम की रूपरेखा से अवगत कराया। बताया गया कि आगामी 15 फरवरी को बारीश्वर महादेव मंदिर से शिव बारात धूमधाम से निकाली जाएगी। यह बारात नगर की प्रमुख गलियों, बाजारों और चौराहों होते हुए कानपुर-सागर हाईवे से मां कुष्मांडा देवी मंदिर परिसर स्थित पंडाल तक पहुंचेगी। यहां पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ शिव-पार्वती विवाह का मंचन किया जाएगा मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। आयोजकों ने अधिकारियों को बताया कि कानपुर-सागर हाईवे पर कुछ स्थानों पर मौरंग और गिट्टी पड़ी हुई है, जिससे जुलूस के दौरान दुर्घटना की आशंका बन सकती है। इस पर एडिशनल कमिश्नर ने संबंधित विभागों को तत्काल मार्ग की सफाई और समतलीकरण कराने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद अधिकारियों ने पूरे प्रस्तावित रूट का भौतिक निरीक्षण किया। उन्होंने संवेदनशील व भीड़भाड़ वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। इसके बाद सभी अधिकारी मां कुष्मांडा देवी मंदिर परिसर पहुंचकर पंडाल, मंच तथा प्रवेश-निकास मार्ग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एडिशनल कमिश्नर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मंदिर और आसपास के मकानों की छतों पर किसी भी व्यक्ति को बैठने की अनुमति बिल्कुल न दी जाए। इसके लिए छतों पर निगरानी रखी जाएगी और आवश्यकतानुसार पुलिस बल तैनात किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए सिविल पोशाक में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो भीड़ में रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे।
एडिशनल कमिश्नर विपिन ताडा ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए कानपुर-सागर हाईवे पर यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा। वैकल्पिक रास्तों की व्यवस्था कर ट्रैफिक को सुचारु रखा जाएगा, ताकि आम जनमानस को असुविधा न हो। साथ ही सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से भी निगरानी की योजना बनाई जा रही है इस दौरान उन्होंने मां कुष्मांडा देवी के दर्शन कर पूजा अर्चना कर आशीर्वाद लिया है, शिव बारात के आयोजकों ने उन्हें आगामी शिव बारात में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। एडिशनल कमिश्नर विपिन ताडा ने कहा कि मैं पूरी कोशिश करूंगा, देखो भगवान भोलेनाथ कहां दर्शन देते हैं।

देखे फोटो।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here