संवाददाता,घाटमपुर।आगामी महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह एलर्ट हो गया है। महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनजर गुरुवार शाम पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने थाना सजेती व साढ़ क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिरों का भौतिक निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
डीसीपी दक्षिण ने थाना सजेती अंतर्गत ग्राम नीबिया खेड़ा स्थित प्राचीनकालीन शिव मंदिर,अज्योरी के विहारेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश व निकास मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग व्यवस्था तथा भीड़ नियंत्रण के उपायों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया और कहा कि दर्शनार्थियों की संख्या को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए और संवेदनशील बिंदुओं पर विशेष निगरानी की जाए।
इसके बाद डीसीपी ने थाना साढ़ क्षेत्र के ग्राम करचुलीपुर स्थित महादेव मंदिर एवं भीतरगांव के खेरेश्वर महादेव मंदिर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने आयोजकों सहित स्थानीय पुलिस अधिकारियों से समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही सीसीटीवी, लाउडस्पीकर, प्रकाश व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए हैं।
डीसीपी दक्षिण ने मौजूद पुलिस बल को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के दौरान कानून-व्यवस्था से कोई समझौता न हो। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सिविल पोशाक में पुलिसकर्मियों की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग और संदिग्ध व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखने के आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
देखे फोटो।





