संवाददाता,घाटमपुर। साढ़ थाना क्षेत्र के भीतरगांव चौकी के पास बुधवार एक सड़क हादसे में घायल 35 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।
साढ़ थाना क्षेत्र गांव सतरहुली निवासी जंगलाल पासवान का पुत्र सत्यनारायण (35) अपने साथियों सिपाही लाल व सुनील पासवान के साथ ट्रैक्टर में बैठकर गांव छांजा रायपुर जा रहा थे ट्रैक्टर पर भवन निर्माण कार्य के लिए मिक्सर मशीन भी लगी हुई थी। जैसे ही वाहन लालपुर बंबा चौराहा के पास पहुंचा, अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और मिक्सर मशीन सहित पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायलों को भीतरगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद सत्यनारायण को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान सत्यनारायण की मौत हो गई,घटना की सूचना पर साढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अन्य दोनों घायलों का उपचार जारी है।
साढ़ थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
देखे फोटो।





