एचडीएफसी बैंक में महिला कर्मचारी की ‘गुंडागर्दी’, ग्राहक को दी गालियां, लैपटॉप तानकर दी ‘ठाकुर’ होने की धमकी

0
6

कानपुर। शहर के पनकी स्थित एचडीएफसी बैंक की शाखा में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब वहां तैनात एक महिला कर्मचारी ने बैंक की गरिमा और पेशेवर मर्यादा को ताक पर रख दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में बैंक कर्मी आस्था सिंह ग्राहक के साथ न केवल बदसलूकी करती दिख रही हैं, बल्कि हिंसक व्यवहार पर उतारू नजर आ रही हैं।
​पनकी ब्रांच में किसी बात को लेकर महिला कर्मचारी और एक ग्राहक के बीच विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते महिला कर्मचारी आस्था सिंह अपना आपा खो बैठीं और सरेआम भद्दी गालियां देने लगीं। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कर्मचारी ने हिंसक होकर ग्राहक पर लैपटॉप तक तान दिया। हैरानी की बात यह रही कि विवाद के दौरान कर्मचारी ने अपनी जाति का हवाला देते हुए धौंस जमाना शुरू कर दिया। आस्था सिंह ने चिल्लाते हुए कहा, “ठाकुर हूं मैं”, और इस तरह अपनी जातिगत पहचान का इस्तेमाल कर ग्राहक को डराने और धमकाने का प्रयास किया। बैंक जैसे सार्वजनिक और पेशेवर संस्थान में इस तरह की ‘जातिसूचक दबंगई’ देखकर वहां मौजूद अन्य लोग भी दंग रह गए। बैंक के अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन तब तक कर्मचारी का उग्र रूप कैमरे में कैद हो चुका था। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने बैंक प्रबंधन और कर्मचारी के व्यवहार के खिलाफ भारी आक्रोश व्यक्त किया है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here