बिठूर,कानपुर।कश्मीरी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम (KYΕΡ) 2025-26 का आयोजन युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ विभाग द्वारा गृह मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत वर्ष 2025-26 में देश के 15 प्रमुख शहरों में कश्मीर घाटी के 1,800 युवाओं को शामिल किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में कानपुर नगर और बरेली भी इन शहरों में शामिल हैं। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य कश्मीर घाटी के युवाओं को देश के विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक और औद्योगिक परिवेश से परिचित कराना है, जिससे राष्ट्रीय एकता, अखंडता, शांति और सदभाव मजबूत हो सके। यह पहल युवाओं को मुख्यधारा के विकास से जोड़ने और उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम का विषय “वतन को जानो” है। कानपुर नगर, उत्तर प्रदेश, इस कार्यक्रम के आयोजक जिलों में से एक है। इसमें अनंतनाग, कुपवाड़ा, बारामूला, बडगाम, श्रीनगर और पुलवामा सहित कश्मीर घाटी के विभिन्न जिलों के राता भाग लेंगे।
यह कार्यक्रम 09 से 14 फरवरी 2026 तक छह दिनों के लिए आयोजित किया जाएगा। आयोजन स्थल आरोहम हैप्पीनेस होम, लवकुश नगर, वाल्मीकि आश्रम के पास, बिठूर कानपुर नगर है। इसमें कुल 132 प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनमें 120 युवा और 12 टीम लीडर होंगे। प्रतिभागियों की आयु 18 से 25 वर्ष के बीच होगी, जिसमें पुरुष और महिला का अनुपात 50:50 रखा जाएगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य कश्मीर घाटी के युवाओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता और शांति के प्रवर्तक के रूप में तैयार करना है। उन्हें देश के विभिन्न सांस्कृतिक, औद्योगिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और शैक्षिक महत्व के स्थानों की यात्रा का अवसर प्रदान किया जाएगा। इससे प्रतिभागी युवाओं को भारत की विविधता, विकास और तकनीकी प्रगति को समझने में मदद मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, कार्यक्रम का लक्ष्य भ्रांतियों को दूर करना और सामाजिक-सांस्कृतिक, धार्मिक, राजनीतिक, आर्थिक एवं पर्यावरणीय स्थितियों की बेहतर समझ विकसित करना है। युवाओं को कौशल विकास, शैक्षिक एवं रोजगार के अवसरों तथा उद्यमिता के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
देखे फोटो।





