स्टैंडिंग कमेटी बैठक में एसआईआर कार्य की समीक्षा, शुद्ध मतदाता सूची पर जोर

0
18

भोपाल,मध्यप्रदेश।विशेष रोल पर्यवेक्षक श्रीमति श्रुति सिंह, संयुक्त सचिव, उद्योग, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में जिला स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यों की समीक्षा की गई।बैठक में उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से एसआईआर के संबंध में जानकारी और सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने कहा कि शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की रीढ़ है और यह सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। इसके लिए निर्वाचन अधिकारी, कर्मचारी और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मिलकर नागरिकों को जागरूक करें।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भोपाल जिले में एसआईआर कार्य की सराहना करते हुए कलेक्टर तथा एसआईआर में संलग्न बीएलओ, सुपरवाइजर और अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों के प्रयासों की प्रशंसा की।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री कौशलेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि 27 अक्टूबर 2025 की स्थिति में भोपाल जिले की सभी सात विधानसभाओं में कुल 21 लाख 25 हजार 908 मतदाताओं की सूची फ्रीज की गई थी। एसआईआर के प्रथम चरण में 2 हजार से अधिक बीएलओ द्वारा वर्ष 2003 की मतदाता सूची से लिंक के आधार पर 16 लाख 87 हजार मतदाताओं का मिलान किया गया। इस दौरान 1 लाख 16 हजार 925 मतदाताओं को नो-मैपिंग तथा 46 हजार 462 मतदाताओं को एएसडी सूची में दर्ज किया गया।

उन्होंने बताया कि एसआईआर के द्वितीय चरण में नो-मैपिंग मतदाताओं को नोटिस जारी कर भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दस्तावेजों के परीक्षण की कार्रवाई जारी है। अब तक लगभग 32 हजार नोटिस वितरित किए जा चुके हैं, 42 हजार से अधिक प्रकरणों की सुनवाई हो चुकी है और लगभग 36 हजार मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है। द्वितीय चरण में फार्म-6, 7 और 8 की कार्यवाही के अंतर्गत जिले में अब तक नाम जुड़वाने हेतु 80 हजार 892 फार्म-6 तथा संशोधन के लिए 47 हजार 493 फार्म-8 प्राप्त हुए हैं।

कलेक्टर श्री सिंह ने बताया कि नाम विलोपन के लिए प्राप्त 10 हजार 143 फार्म-7 आवेदनों में बीएलओ और एआरओ द्वारा प्रत्येक प्रकरण का भौतिक सत्यापन कर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुमित कुमार पांडेय, उप निर्वाचन अधिकारी श्री भुवन गुप्ता सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here