बांगरमऊ,उन्नाव।खनन माफिया एसडीएम कार्यालय से फर्जी तथ्यों के आधार पर परमिट जारी कराने के बाद अवैधानिक रूप से मिट्टी की बिक्री का धंधा करने में जुटे हैं। आज कोतवाली पुलिस ने मिट्टी की अवैध बिक्री कर रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर लिया। पुलिस को आता देखकर ट्रैक्टर चालक मौके से भाग निकला।
कोतवाली के उपनिरीक्षक अनिल कुमार साहू पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम फतेहपुर खालसा निवासी वसीम पुत्र माजिद द्वारा उपजिलाधिकारी कार्यालय से किसानों के निजी उपयोग के लिए फावड़े से खुदाई कर ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिट्टी ढुलाई हेतु परमिट जारी कराया गया है और परमिट का दुरुपयोग कर मिट्टी की अवैध बिक्री ग्राम नेवल स्थित कोल्ड स्टोर के भरान में की जा रही है। सूचना पर दरोगा अनिल कुमार साहू ने कोल्ड स्टोरेज से एक मिट्टी लदा बगैर नंबर प्लेट का महिन्द्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ लिया। पुलिस को देखकर चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को चालू हालत में छोडकर भाग निकला। पुलिस को मौके पर करीब 15 ट्राली मिट्टी डंप मिली। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली जब्त कर थाने में दाखिल करा दिया है और रिपोर्ट उप जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी है।




