फतेहपुर। खागा-विजयीपुर मार्ग में सोमवार अपराह्न दो बजे बबुल्लापुर मोड़ पर तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल सवार किसान को टक्कर मार दी। घायल किसान को सीएचसी में चिकित्सीय टीम ने मृत घोषित कर दिया। बोलेरो में एक किलोमीटर तक साइकिल फंसी चली गई।
कोतवाली क्षेत्र के बबुल्लापुर भभूती गांव निवासी 48 वर्षीय विजय सिंह किसान थे। चार वर्ष पूर्व कोविड संक्रमण के समय इनकी पत्नी सीमा देवी की मृत्यु हो गई। चार बेटियों में विभा, दिव्या व रचना की वह शादी कर चुके थे। खेती-किसानी के सहारे वह छोटी बेटी अंशिका व पुत्र अंकुश सिंह की देखभाल करते थे। विवाहित पुत्री विभा ने बिलखते हुए बताया कि अपराह्न दो बजे पिताजी साइकिल से खाद लेने टेसाही गांव जा रहे थे। गांव के मोड़ से वह थोड़ी दूर ही आगे बढ़े थे, तभी विजयीपुर कस्बा की ओर से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो ने साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने बताया कि साइकिल समेत किसान बोलेरो के नीचे आ गया। बोलेरो चालक ने घायल को तो हड़बड़ी में बाहर निकाल दिया, जबकि साइकिल बोलेरो में फंस कर त्रिलोचनपुर ब्रेकर तक आ गई। ब्रेकर में स्वत: से साइकिल निकल कर बाहर हो गई। बोलेरो समेत चालक खागा की ओर भाग निकला। जिसकी तलाश में पुलिस सड़क किनारे लगे सीसी कैमरों की फुटेज देख रही है। कोतवाली प्रभारी रमेश कुमार पटेल ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।




