सरसौल,कानपुर।महाराजपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक पति ने अपनी पत्नी की गला घोंटकर हत्या करने के बाद खुद थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पत्नी का गला घोंट दिया है और शव घर पर कंबल में लिपटा पड़ा है।
पुलिस के द्वारा बताया गया, कि सचिन नामक युवक ने अपनी पत्नी श्वेता की हत्या की। हत्या के लगभग चार घंटे तक वह सड़कों पर भटकता रहा, लेकिन अंततः उसने महाराजपुर थाने में अपना जुर्म कबूल कर लिया। सचिन ने पुलिस के सामने जो कहानी बताई, वह हैरान करने वाली है।
सचिन ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात उसने अपनी पत्नी को फोन कर बताया था कि वह दोस्तों के साथ पार्टी में है और घर नहीं आएगा। हालांकि, उसे शक हुआ और वह रात करीब 11:30 बजे अचानक घर लौट आया।
सचिन का आरोप है कि घर पहुंचने पर उसने अपनी पत्नी को पड़ोस में रहने वाले लड़कों के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा। इस पर हंगामा हुआ और पुलिस भी मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई, लेकिन बाद में समझा-बुझाकर उन्हें घर भेज दिया गया।
घर लौटने के बाद श्वेता और सचिन के बीच फिर से झगड़ा हुआ। सचिन के मुताबिक, श्वेता ने उसे धमकी दी कि वह उन लड़कों को छुड़ा लेगी और सचिन को ही फंसा देगी। इसी गुस्से और रंजिश में आकर सचिन ने श्वेता का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
सचिन और श्वेता की महज चार महीने पहले ही लव मैरिज हुई थी।
महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि आरोपी के बयान पर घटनास्थल से शव बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फोरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं




