पत्नी की हत्या के बाद पति ने फांसी लगाकर दी जान, दो मासूम हुए अनाथ पढ़े पूरी रिपोर्ट 

0
20

बांगरमऊ,उन्नाव। नगर में आज सुबह एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। अवैध संबंध के शक में पति ने पहले अपनी पत्नी को बेरहमी से पीटा, फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद घर में चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में मातम पसर गया।
नगर के नौनिहालगंज मोहल्ला निवासी संजय 42 पुत्र देवीदयाल ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह पत्नी वंदना 38 और दो मासूम बच्चों हर्ष व खुशी के साथ रहता था। संजय की मां सियादुलारी पास ही एक अन्य मकान में रहती हैं।
परिजनों के अनुसार वंदना के किसी दूसरे युवक से लंबे समय से संपर्क में होने का शक था,जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। बताते है कि मंगलवार रात वंदना वीडियो कॉल पर कथित प्रेमी से बात कर रही थी, तभी संजय घर पहुंच गया। यह देखकर वह बौखला उठा और दोनों के बीच वाद विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि पति पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि संजय ने पत्नी की जमकर पिटाई की। बुधवार सुबह करीब 7 बजे गुस्से में आए संजय ने गला दबाकर वंदना की हत्या कर दी। इसके बाद खुद भी कमरे में जाकर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
घटना के वक्त घर में मौजूद दोनों बच्चों ने बताया कि उनकी मां किसी युवक से वीडियो कॉल पर बात करती थी और उसकी तस्वीरें देखती थी, जिस पर पिता नाराज हो जाते थे और झगड़ा करते थे। मासूम बच्चों के मुंह से यह बात सुनकर हर आंख नम हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। मां सियादुलारी की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here