सरसौल,कानपुर। जनपद के सरसौल और नरवल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) का मंगलवार को कायाकल्प टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम की ओर से डॉ. महताब आलम ने दोनों स्वास्थ्य केंद्रों की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और सीएचसी अधीक्षक डॉ. अविनाश यादव को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान, कायाकल्प कार्यक्रम के तहत सीएचसी सरसौल और नरवल में पीअर असेसमेंट किया गया। इसमें अस्पताल की गुणवत्ता, स्वच्छता और उपलब्ध सेवाओं का मूल्यांकन शामिल था।
टीम ने अस्पताल के विभिन्न रजिस्टरों की जांच की, साथ ही ओपीडी कक्ष, सभागार, एक्स-रे कक्ष, वार्ड और दवा वितरण काउंटर जैसी महत्वपूर्ण इकाइयों का भी निरीक्षण किया।
कायाकल्प टीम ने अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। इस दौरान साफ-सफाई, बायो मेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं और रिकॉर्ड संधारण को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव और निर्देश दिए गए।




