माया इंटरनेशनल स्कूल में एनुअल स्पोर्ट्स फेस्ट ‘तारुण्य’ का आयोजन, विवेकानंद हाउस ने बाज़ी मारी

0
48

उन्नाव।बीते दिवस बांगरमऊ नगर के माया इंटरनेशनल स्कूल के प्रांगण में ‘तारुण्य’ खेल महोत्सव 2025 का आयोजन किया गया। इस आयोजन में नन्हें मुन्ने बच्चों सहित छात्र छात्राओं ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया और अपनी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम को रुचिकर बनाए रखने की दृष्टि से प्रतियोगिताओं के मध्य मे नौनिहालों ने विभिन्न मनोरंजक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दशकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फेस्ट में बांगरमऊ के उप जिलाधिकारी बृजमोहन शुक्ल ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर प्रतिभागी छात्र छात्राओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान पूरे जोश के साथ विद्यालय की निदेशिका गौरी गुप्ता और निदेशक सचिन गुप्ता उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का हौसला बुलंद करते रहे। विद्यार्थियों के अभिभावकों की सतत उपस्थिति ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। सर्द मौसम की परवाह किए बिना वे बराबर मैदान में डटे रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ अरविंद मोहन द्विवेदी ने कार्यक्रम के समन्वयक की भूमिका का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम को सफलता पूर्वक संपन्न कराया। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रूप से विद्या की देवी सरस्वती और बल के देवता हनुमान जी की स्तुति व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। छात्र प्रमुख (HEAD BOY) द्वारा मशाल ले कर दौड़ना ओलिंपिक परम्परा की याद ताजा कर गया। नन्हें मुन्ने बच्चों ने विभिन्न कार्यक्रम जैसे चक धूम धूम चाक, फुटबाल नृत्य, बम बम बोले, खरगोश नृत्य, गणितीय आकृति नृत्य आदि प्रस्तुत कर के समस्त श्रोताओं का मनमोह लिया। उक्त कार्यक्रमों में क्रमशः नर्सरी, LKG, व UKG के बच्चों जैसे अरहम, सृष्टि, सान्वी, आर्णा, रिदा फ़ातमा, प्रविष्ट गुप्ता, सारांश आदि ने हिस्सा लिया। इस फेस्ट में खेल प्रतियोगिताएं जैसे रस्साकशी, 50 मीटर, 100 मीटर और 200 मीटर की दौड़, बाधा दौड़, पेंसिल दौड़, आदि का आयोजन हुआ साथ ही बच्चों और उनकी माताओं के साथ हुई बस्ता दौड़ प्रतियोगिता ने तो एकदम मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की छात्राओं मरहबा और आयुषी तथा शिक्षिकाओं और शिक्षकों की ओर से धर्म पाल सिंह, श्वेता त्रिपाठी व निधि मिश्रा ने किया। हाउसवाइज परिणामों में 185 अंकों के साथ स्वामी विवेकानंद (नील वर्ण) हाउस प्रथम रहा। 146 अंकों के साथ एम एस धोनी हाउस (पीत वर्ण) द्वितीय और 129 अंकों के साथ महाराणा प्रताप हाउस तृतीय स्थान पर रहा। नगर के निवासियों ने ऐसे उदीयमान खिलाडियों और कलाकारों को बधाइयां दी हैं और भविष्य में आगे बढ़ते रहने की कामना की है।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here