कानपुर देहात। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र में एक विदेशी महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया है। ब्राजील देश की नागरिक महिला की तबीयत टैक्सी यात्रा के दौरान अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
महिला अपने दो अन्य विदेशी साथियों के साथ टैक्सी से मथुरा से पश्चिम बंगाल जा रही थी, तभी रास्ते में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि टैक्सी ड्राइवर पेट्रोल लेने के लिए कुंभी पेट्रोल पंप पर रुका था। घटना की जानकारी होते ही हड़कंप मच गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है की महिला को कथित तौर पर हार्ट अटैक आया था। तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के दौरान मृत घोषित कर दिया। महिला के साथ यात्रा कर रहे दोनों विदेशी यात्रियों की हालत भी घबराहट और सदमे के कारण बिगड़ गई। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला के साथ मौजूद विदेशी यात्रियों ने घटना की सूचना विदेश में परिजनों को दी। अकबरपुर सदर की एसडीएम नीलमा यादव ने बताया ब्राजीलियन महिला यात्री की पहचान सैलजिया के रूप में हुई है। घटना की सूचना एम्बेसी (दूतावास) को दी गई है। मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया था। पुलिस और फॉरेंसिक टीम महिला की मौत के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस टैक्सी ड्राइवर और मौजूद यात्रियों से कई बिंदुओं पर पूछताछ कर रही है।
एसडीएम नीलमा यादव ने बताया महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराने और दूतावास के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई करने की तैयारी की जा रही है। ब्राजील की रहने वाली विदेशी नागरिक सैलजिया अपने एक पुरुष और एक महिला दोस्त के साथ मथुरा से पश्चिम बंगाल की यात्रा पर निकली थी। दोस्त ब्राजील और रसिया के रहने वाले हैं। कोतवाली अकबरपुर पुलिस ने टैक्सी चालक और पेट्रोल पंप के कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही महिला के साथ मौजूद विदेशी यात्रियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मामला स्वाभाविक मृत्यु का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होगी।




