उन्नाव।कोतवाली में आज नए प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अखिलेश चंद्र पांडेय ने विधिवत रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उन्हें पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। कार्यभार संभालने के बाद, प्रभारी निरीक्षक श्री पांडेय ने कोतवाली क्षेत्र के समस्त पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पहली और सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकता क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है।
मीडिया से बातचीत करते हुए श्री पांडेय ने कहा, अपराध नियंत्रण, विशेष रूप से महिला सुरक्षा और अवैध गतिविधियों पर नकेल कसना हमारी मुख्य कार्य योजना में शामिल है। जनता से मेरी अपील है कि वे निडर होकर पुलिस का सहयोग करें ताकि हम एक सुरक्षित और अपराध मुक्त वातावरण सुनिश्चित कर सकें।उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर तालमेल बिठाने के लिए जनसुनवाई कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। श्री पांडेय के चार्ज लेने के बाद स्थानीय लोगों और कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया और उन्हें शुभकामनाएं दीं।




