सभी विकास खण्डों में सचिव संवर्ग ने निजी वाहनों का बहिष्कार कर ब्लॉक आने के लिए सार्वजनिक परिवहन तथा फील्ड कार्य हेतु साइकिल का प्रयोग प्रारंभ किया

0
33

उन्नाव।ग्राम पंचायत अधिकारी ग्राम विकास अधिकारी समन्वय समिति के तत्वाधान में विगत 01 दिसंबर से चल रहे सत्याग्रह कार्यक्रम के अंतर्गत नियत कार्यक्रम के अनुसार आज सभी विकास खण्डों में सचिव संवर्ग ने निजी वाहनों का बहिष्कार कर ब्लॉक आने के लिए सार्वजनिक परिवहन तथा फील्ड कार्य हेतु साइकिल का प्रयोग प्रारंभ किया। सचिव संवर्ग अपना 10 सूत्रीय ज्ञापन खण्ड विकास अधिकारी को 5 दिसंबर को प्राप्त करा चुका है जिसमें ऑनलाइन उपस्थिति की न्याय पूर्ण व्यवस्था के साथ ही मोटरसाइकिल भत्ता की भी मांग की गई है। शांतिपूर्वक चल रहे सत्याग्रह कार्यक्रम में आज विकासखण्ड कार्यालय में सचिवों को साइकिल पर आते हुए देखा गया। सचिवों ने बताया कि शासन द्वारा हमें नियत यात्रा भत्ता रुपए 300 प्रतिमाह दिया जाता है जिसे वर्तमान परिस्थितियों के दृष्टिगत मोटरसाइकिल भत्ते में परिवर्तित करने की आवश्यकता है। हमारे द्वारा ग्राम पंचायत में किए जाने वाले कार्य की रिपोर्टिंग तथा प्रतिदिन उपस्थिति लगाने हेतु विकासखण्ड मुख्यालय पर आने की बाध्यता जनपद स्तर के अधिकारियों द्वारा थोपी गई है जबकि साप्ताहिक समीक्षा बैठक किए जाने का प्रावधान है। इस कारण ग्राम पंचायत पर उपलब्ध रहने हेतु कम समय मिल पाता है। निजी मोबाइल तथा डाटा खर्च कर व्हाट्सएप पर सदैव उपलब्ध रहने की अघोषित बाध्यता है अन्यथा अनुपस्थित मानकर वेतन कटौती तथा अन्य प्रशासनिक कार्यवाही प्रस्तावित कर दी जाती हैं । इसके विरोध स्वरूप 5 दिसंबर को ही सभी शासकीय व्हाट्सएप ग्रुपों को सचिवों द्वारा त्याग दिया गया है। सभी ग्राम पंचायतों में सचिव की उपलब्धता हेतु सरकार को यात्रा भत्ता में वर्तमान परिदृश्य के अनुसार बढ़ोत्तरी करनी चाहिए जिससे अल्प वेतन भोगी संवर्ग को अपने वेतन से यात्राओं का भार न उठाना पड़े। सार्वजनिक परिवहन से विकासखण्ड मुख्यालय आने वालों में विकासखण्ड पुरवा में अनिल पटेल, आकाश वर्मा तथा अशोक भारती विकासखण्ड बीघापुर में पल्लवी शुक्ला विनोद कुमार तथा अमरेश कुमार विकासखण्ड हसनगंज में शिल्पी यादव विकासखण्ड फतेहपुर 84 में गरिमा शुक्ला विकासखण्ड सरोसी में सुनील त्रिवेदी देखे गए। साइकिल से विकास खण्ड बांगरमऊ में रोहित सिंह, पंचम लाल ,आशीष कुमार, सुभाष गौतम, रवीना, जंग बहादुर विकासखण्ड सुमेरपुर में संजू बाबू , रजनीश कुमार,धर्मेंद्र यादव , बंशीलाल ,मंगल प्रसाद तथा विकासखण्ड नवाबगंज में दिलीप मिश्रा ,आशीष पटेल ,शैलेंद्र भारती तथा शिवदत्त तिवारी आदि सचिव साइकिल पर सवार होकर जाते देखे गए।


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here